आसनसोल, 07 मई।
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में नया मोड़ सामने आया है। हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक का रजिस्ट्रेशन पश्चिम बर्दवान जिले के बर्नपुर इलाके का पाया गया है। मामले के खुलासे के बाद जांच एजेंसियां बाइक से जुड़े दस्तावेजों और पते की गहन पड़ताल में जुट गई हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर डब्ल्यूबी44डी1990 है। रिकॉर्ड के अनुसार इस वाहन का पंजीकरण 4 मई 2012 को पश्चिम बर्दवान आरटीओ में कराया गया था, जिसकी वैधता 2 मई 2027 तक बताई गई है। दस्तावेजों में बाइक मालिक का नाम विभाष कुमार भट्टाचार्य दर्ज है।
रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड में गुरुद्वारा रोड स्थित एबी 7/12 क्वार्टर, हीरापुर थाना क्षेत्र, बर्नपुर का पता दर्ज मिला। गुरुवार को जब जांच टीम वहां पहुंची तो जानकारी मिली कि उस पते पर विभाष कुमार भट्टाचार्य नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता है। वर्तमान में उस क्वार्टर में बर्नपुर इस्को कारखाने के कर्मचारी धरमवीर कुमार अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।
धरमवीर कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2014 से इस आवास में रह रहे हैं और उन्होंने कभी विभाष कुमार भट्टाचार्य नाम के किसी व्यक्ति को वहां नहीं देखा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास मौजूद बाइक का नंबर अलग है और जांच में सामने आए वाहन से उसका कोई संबंध नहीं है।
मामले में सामने आए इस नए तथ्य के बाद इलाके के लोग भी हैरान हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर लगाया गया हो सकता है। पुलिस अब वाहन से जुड़े दस्तावेजों और उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।



.jpg)

.jpg)

.jpg)





