प्रशासनिक खबरें
07 May, 2026

सोमनाथ हमारी आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक: मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के पहले जत्थे को रवाना करते हुए इसे आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।

भोपाल, 07 मई।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सोमनाथ केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन विरासत, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ इस बात का साक्षी है कि सृजन शक्ति हमेशा विनाशकारी शक्तियों पर भारी पड़ती है और इसकी प्रत्येक ईंट भक्ति, समर्पण तथा भारत के पुनरुत्थान के गौरव को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक एक से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ के पहले जत्थे को रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा संस्कृति विभाग के तत्वावधान में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत निकाली जा रही है, जो श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम है।

उन्होंने कहा कि इतिहास में सोमनाथ मंदिर पर अनेक बार आक्रमण हुए, लेकिन हर बार यह मंदिर और अधिक भव्यता के साथ पुनः स्थापित हुआ। सत्रह बार हुए आक्रमणों के बावजूद शाश्वत शिव की उपस्थिति यहीं बनी रही। वर्ष 2026 इस दृष्टि से विशेष महत्व रखता है, क्योंकि एक हजार वर्ष पूर्व 1026 में हुए पहले आक्रमण की स्मृति में इसी वर्ष जनवरी में भव्य स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विरासत से विकास’ की यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है और देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिल रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान भोपाल, उज्जैन, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा सहित विभिन्न जिलों के 1100 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की ओर प्रस्थान करेंगे। यह ट्रेन 8 मई को सोमनाथ पहुंचेगी।

कार्यक्रम के दौरान देश की 21 प्रमुख नदियों के जल कलशों का पूजन भी किया गया। यात्रियों ने मुख्यमंत्री को शौर्य प्रतीक के रूप में त्रिशूल भेंट किया, वहीं उन्हें जल कलश और ध्वजा भी सौंपी गई। पूरे आयोजन में ढोल-नगाड़ों और डमरू की ध्वनि के बीच उत्साह का वातावरण रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर आधारित है और यह यात्रा जप, सत्संग तथा कीर्तन के साथ भक्तों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बनेगी। उन्होंने कहा कि यह भाव राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को और मजबूत करेगा।

उन्होंने महाकाल महालोक सहित राज्य के धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में सांस्कृतिक एकता और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिला है। इस यात्रा को स्वाभिमान, श्रद्धा और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़