नई दिल्ली, 07 मई।
रेलवे मंत्रालय ने घोषणा की है कि भारतीय रेलवे के उन्नत यात्री आरक्षण प्रणाली की ओर ट्रेनों का स्थानांतरण अगस्त माह से शुरू किया जाएगा। इस संबंध में रेल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बदलाव के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्रालय के अनुसार वर्तमान आरक्षण प्रणाली वर्ष 1986 में शुरू की गई थी और पिछले चार दशकों में इसमें केवल आंशिक सुधार किए गए थे, लेकिन अब इसे पूरी तरह आधुनिक तकनीक के साथ पुनर्गठित कर इसकी क्षमता को कई गुना बढ़ाया गया है। रेलवे लगातार डिजिटल बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2002 में इंटरनेट आधारित टिकटिंग से हुई थी।
इस डिजिटल परिवर्तन के तहत पिछले वर्ष जुलाई में रेलवन मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया, जिसे यात्रियों से तेजी से लोकप्रियता मिली है और अब तक देशभर में इसके 3.5 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं। इस एप में हाल ही में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित टिकट कन्फर्मेशन की संभावना बताने वाली सुविधा भी जोड़ी गई है, जिसे यात्रियों द्वारा काफी सराहा गया है।
रेलवे के अनुसार वेटिंग लिस्ट कन्फर्मेशन की सटीकता पहले जहां लगभग 53 प्रतिशत थी, वह अब बढ़कर करीब 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है। नए उन्नत आरक्षण प्रणाली से भारतीय रेलवे से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधा, तेज सेवा और अधिक पारदर्शिता का लाभ मिलेगा।





.jpg)






