काठमांडू, 07 मई।
काठमांडू और बीरगंज में अब बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर स्थापित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है, जो गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी के तहत विकसित किए जाएंगे। नेपाल के औद्योगिक समूहों के संयुक्त निवेश से बनी कंपनी ब्लुचीन डेटा वोल्ट ने इस परियोजना के लिए गूगल क्लाउड के साथ रणनीतिक समझौता किया है।
इस परियोजना के तहत डेटा स्टोरेज, डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग और क्लाउड प्रबंधन जैसी आधुनिक सेवाओं से जुड़ी अत्याधुनिक डिजिटल संरचना विकसित की जाएगी। गूगल क्लाउड जैसी वैश्विक तकनीकी व्यवस्था पर आधारित यह प्रणाली गूगल सर्च और गूगल डॉक्स जैसे प्लेटफॉर्म की तकनीकी रीढ़ मानी जाती है। इस पहल में ताइवान की वीवीडीएन टेक्नोलॉजी भी रणनीतिक साझेदार के रूप में शामिल है, जो उन्नत कंप्यूटिंग प्रणाली, लिक्विड कूलिंग तकनीक और सर्वर रैक से जुड़ी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी।
सूचना के अनुसार काठमांडू में प्रस्तावित डेटा सेंटर को अगस्त से संचालन में लाने की तैयारी चल रही है। इसी सिलसिले में गूगल और वीवीडीएन टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञ प्रतिनिधि पहले ही काठमांडू पहुंच चुके हैं। माइक्रोन और एएमडी जैसी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मौजूदगी में इस परियोजना की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।
नेपाल में हाल के वर्षों में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश में तेजी देखी जा रही है। सरकार द्वारा आईटी क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने के बाद विदेशी कंपनियों की भागीदारी भी बढ़ी है। इसी क्रम में मेटा जैसी वैश्विक कंपनी भी स्थानीय इंटरनेट सेवा प्रदाता के साथ मिलकर डेटा सेंटर विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इससे नेपाल में डिजिटल ढांचा, क्लाउड सेवाएं और डेटा सुरक्षा प्रणाली के और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।











