नेपाल
07 May, 2026

देउवा दंपति पर इंटरपोल सख्त, रेड कॉर्नर नोटिस के लिए मांगे दस्तावेज

इंटरपोल ने शेरबहादुर देउवा और आरजू राणा देउवा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस प्रक्रिया के तहत नेपाल सरकार से अतिरिक्त दस्तावेज मांगते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।

काठमांडू, 07 मई

इंटरपोल ने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शेरबहादुर देउवा तथा उनकी पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया के तहत नेपाल सरकार से अतिरिक्त दस्तावेज और प्रमाण मांगे हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार इंटरपोल ने यह अतिरिक्त कागजात काठमांडू स्थित एनसीबी से मांगे हैं। एनसीबी प्रमुख सिद्धि विक्रम शाह ने स्पष्ट किया कि रेड नोटिस की प्रक्रिया अभी जारी है और इंटरपोल ने आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के लिए अनुरोध किया है।

इससे पहले 7 अप्रैल को देउवा दंपति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। यह वारंट संपत्ति शुद्धिकरण जांच विभाग के पत्र के आधार पर काठमांडू जिला अदालत द्वारा जारी किया गया था, जिसके बाद उन्हें देश वापस लाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में एनसीबी काठमांडू ने औपचारिक रूप से इंटरपोल को रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए पत्राचार किया था।

वारंट जारी होने के समय देउवा दंपति विदेश में थे। वे 26 फरवरी को चुनाव से पहले उपचार के लिए सिंगापुर गए थे और 21 मार्च को उनके हांगकांग जाने की जानकारी सामने आई। इससे पहले भी जेनजी आंदोलन के बाद उपचार के लिए वे सिंगापुर गए थे, हालांकि उस समय उपचार के बाद वे नेपाल लौट आए थे। लेकिन 26 फरवरी के बाद से वे अब तक नेपाल नहीं लौटे हैं और वर्तमान में उनके हांगकांग में होने की बात कही जा रही है।

यदि इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया जाता है तो इसके बाद इसके 196 सदस्य देशों की पुलिस देउवा दंपति को गिरफ्तार कर सकती है। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें नेपाल लाया जा सकता है।

गिरफ्तारी वारंट के बाद शेरबहादुर देउवा ने खुद को “खुली किताब” बताते हुए आरोपों को भ्रामक और झूठा कहा था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि सार्वजनिक पद पर रहते हुए उन्होंने अपनी संपत्ति का पूरा विवरण संबंधित सरकारी निकायों को दिया था।

हालांकि उन्होंने विदेश में होने की बात स्वीकार की थी, लेकिन अपने वर्तमान ठिकाने का खुलासा नहीं किया। वहीं, उनके रिश्तेदार प्रदीप शमशेर जबरा, भूषण राणा और जयवीर देउवा सहित अन्य के कारोबारी लेनदेन की भी जांच चल रही है।

इसके अलावा आरजू राणा देउवा का नाम नकली भूटानी शरणार्थी मामले से भी जोड़ा गया था। देउवा परिवार का बुढानीलकण्ठ स्थित एक ही परिसर में दो मकान हैं, जहां वे जेनजी आंदोलन के दौरान रह रहे थे। उसी दौरान उनके आवास पर हमला और आगजनी की घटना भी हुई थी। गत वर्ष 8-9 सितंबर के जेनजी आंदोलन के समय उनके निवास से जले हुए नोट भी बरामद किए गए थे, जिनका वीडियो बाद में सार्वजनिक हुआ था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़