काठमांडू, 07 मई।
नेपाल की संसद में अब जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए डिजिटल प्रणाली लागू की जा रही है, जिसके तहत सांसदों की हाजिरी पारंपरिक हस्ताक्षर व्यवस्था की जगह इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से दर्ज होगी।
इस नई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सांसदों के बायोमेट्रिक विवरण एकत्र किए जा रहे हैं। संसद सचिवालय ने सभी सांसदों को अनिवार्य रूप से इस बायोमेट्रिक प्रक्रिया में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। प्रक्रिया के दौरान उनके फिंगरप्रिंट, डिजिटल पहचान संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक विवरण लिए जा रहे हैं, ताकि संसद में उनकी उपस्थिति स्वतः डिजिटल प्रणाली के माध्यम से दर्ज हो सके।
सचिवालय के अनुसार, बायोमेट्रिक डेटा संकलन के साथ-साथ सभी सांसदों की आधिकारिक तस्वीर भी ली जाएगी। इन तस्वीरों का उपयोग संसद के अभिलेख, पहचान पत्र और डिजिटल प्रोफाइल तैयार करने में किया जाएगा। इसके लिए सांसदों को औपचारिक पोशाक में तथा संघीय संसद का प्रतीक चिन्ह लगाकर उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।
सचिवालय के प्रवक्ता एकराम गिरी ने बताया कि इस इलेक्ट्रॉनिक हाजिरी प्रणाली के लागू होने से संसद बैठकों में सांसदों की वास्तविक उपस्थिति का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। साथ ही अनुपस्थित रहने वाले जनप्रतिनिधियों की जानकारी तुरंत मिल सकेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।











