विदिशा, 07 मई।
भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को विदिशा जिले के ग्राम रंगई पहुंचकर चल रहे जनगणना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने घर-घर सर्वे, डेटा संकलन और नागरिकों की भागीदारी की स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार डामोर ने ग्राम में संचालित जनगणना गतिविधियों की विस्तृत जानकारी संभागायुक्त को दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि शासन को सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।
संभागायुक्त ने प्रगणक और सुपरवाइजर से सीधे संवाद कर कार्यप्रणाली को समझा तथा डिजिटल माध्यम से किए जा रहे जनगणना कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने नक्शों और ऑनलाइन एप के माध्यम से हो रही गणना प्रक्रिया की भी समीक्षा की और इसकी सराहना की।
इस दौरान उन्होंने गांव में मकानों की संख्या और सर्वे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भवन क्रमांक 52 से संबंधित विवरण भी मोबाइल एप के माध्यम से देखा और डिजिटल प्रणाली से हो रहे कार्यों को प्रभावी बताया।
संभागायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि जनगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुव्यवस्थित रूप से चल रहा है और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है। निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी और जनगणना से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।






.jpg)

.jpg)




