भोपाल, 07 मई।
भीषण गर्मी के बीच मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों में आंधी, बारिश और तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में सबसे ज्यादा असर रहने की संभावना है, जहां तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर फिलहाल बरकरार रहेगा।
बीते 24 घंटों के दौरान नरसिंहपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खरगोन में 41.2 डिग्री, रतलाम में 41 डिग्री, खंडवा में 40.1 डिग्री और विदिशा में 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान भी 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।



.jpg)

.jpg)

.jpg)





