नई दिल्ली, 07।
राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस में डाक विभाग के आधुनिक स्वरूप वाले नए डाकघर का उद्घाटन किया गया। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण करते हुए कहा कि वर्ष 2029-30 तक इंडिया पोस्ट को लागत केंद्र से लाभ केंद्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहे। स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर द्वारा डिजाइन किए गए इस भवन को डाक विभाग के भविष्य का प्रतीक बताया गया।
नए डाकघर में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल सिस्टम, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, बेहतर कार्यस्थल और ग्राहक-अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। सिंधिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विभाग ने आईटी सिस्टम, विस्तारित कार्य अवधि और चौबीसों घंटे सेवाओं के जरिए अपनी कार्यक्षमता में बड़ा सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि अब विभाग फ्रंट-एंड बदलाव पर काम कर रहा है और अगले डेढ़ वर्ष में यही मॉडल देशभर के 25 हजार से अधिक डाकघरों में लागू किया जाएगा।
सिंधिया ने डाक विभाग को देश की जीवनधारा बताते हुए कहा कि उनका रिश्ता देशभर के लाखों डाककर्मियों से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले शुरू हुआ डाक विभाग के आधुनिकीकरण का अभियान अब बड़े परिवर्तन के रूप में सामने आ रहा है।
उन्होंने बताया कि देश में इंडिया पोस्ट के 1.65 लाख डाकघर कार्यरत हैं और लगभग हर चार गांवों पर एक डाक सेवा केंद्र मौजूद है। जिन क्षेत्रों में डाकघर नहीं हैं, वहां इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक डिजिटल माध्यम से सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार पिछले चार वर्षों में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के 13 करोड़ उपभोक्ता जुड़ चुके हैं। विभाग हर वर्ष करोड़ों पार्सल और चिट्ठियों की डिलीवरी कर रहा है। इसके साथ ही पासपोर्ट, आधार, बीमा और बचत बैंक सेवाओं के जरिए भी बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक्स के बढ़ते दौर में इंडिया पोस्ट देश के सबसे बड़े नेटवर्क के रूप में उभरने जा रहा है। विभाग जल्द ही नई लॉजिस्टिक्स अवसंरचना योजना लाने की तैयारी में है, जिससे विश्वस्तरीय नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डाक विभाग ने तकनीक के साथ खुद को नए दौर के अनुसार ढाल लिया है और यह आधुनिक डाकघर नागरिकों को तेज और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएगा।



.jpg)

.jpg)





