शोपियां, 07 मई।
जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा ने एचडीएफसी बैंक की शोपियां शाखा में हुए बड़े वित्तीय घोटाले के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया है। यह कार्रवाई शोपियां के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एफआईआर संख्या 30/2025 के तहत की गई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला बैंक शाखा में सामने आए बड़े स्तर के वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसकी शिकायत लिखित रूप में प्राप्त होने के बाद जांच शुरू की गई थी। बाद में उच्च पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मामले को विस्तृत जांच के लिए अपराध शाखा को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान कई व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें बैंक से जुड़े कुछ अधिकारी और कर्मचारी शामिल पाए गए। इनमें आदिल अयूब गनई, इरफान मजीद जरगर, मुबाशिर हुसैन शेख, जैद मंजूर और जावेद अहमद भट सहित अन्य नाम शामिल हैं, जो उस समय विभिन्न बैंक शाखाओं में कार्यरत थे या संबंधित भूमिका में थे।
इनमें से कुछ आरोपियों को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था और तब से वे न्यायिक हिरासत में हैं। जांच पूरी होने के बाद कुल 11 आरोपियों के खिलाफ विस्तृत आरोपपत्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जिस पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।











.jpg)
