पश्चिम मेदिनीपुर, 07 मई
पश्चिम मेदिनीपुर जिले में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कई क्षेत्रों से हिंसा और अशांति की घटनाएं सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में पिछले 24 घंटों के भीतर हिंसा में शामिल होने के आरोप में 162 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में बुधवार शाम मेदिनीपुर में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी बीजिन कृष्णा, पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव परिणाम के बाद किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति, आगजनी, तोड़फोड़ या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले के कई हिस्सों में पार्टी कार्यालयों पर कब्जे, घरों में तोड़फोड़ और आगजनी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए पुलिस बल के साथ केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। गांवों और ब्लॉक क्षेत्रों में लगातार रूट मार्च कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा रहा है।
खड़गपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह कुछ वार्डों में पार्टी कार्यालय को लेकर तनाव और हल्की गहमागहमी देखने को मिली, हालांकि इसे एक ही दल के भीतर गुटीय मतभेद बताया गया, जिसे बाद में आपसी समझौते से सुलझा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि वर्तमान में स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है, लेकिन शांति भंग करने या हिंसा फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।












.jpg)
