फतेहपुर, 07 मई।
फतेहपुर जिले में गुरुवार की देर रात एक बड़ी पुलिस कार्रवाई के दौरान गैंगरेप मामले में फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी अपराधी बबलू सिंह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार थाना खागा, हथगांव, थरियांव और एसओजी की संयुक्त टीम ने थाना खागा क्षेत्र के ससुर खदेरी नदी के पास जंगल में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इसी दौरान एक लाख रुपये का इनामी व गैंगरेप का आरोपी बबलू सिंह, पुत्र धर्मराज उर्फ मन्ना सिंह, निवासी गढ़ी कस्बा, थाना खागा पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसे गंभीर अपराध में वांछित बताया गया था। उसके खिलाफ थाना खागा में अब तक चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य मामलों की जांच भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जानकारी दी कि मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस जो तमंचे में फंसा हुआ था तथा 1600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।












.jpg)
