अजमेर, 08 मई।
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद वर्ष 2021 में आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी और इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जा रही है।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में केवल वही तीन लाख तिरासी हजार निन्यानवे अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में भाग लिया था। नए अभ्यर्थियों को इस प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सितंबर 2026 में संभावित है।
अभ्यर्थियों को उनके पूर्व में भरे गए आवेदन पत्रों में आवश्यक सुधार और अद्यतन करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए संशोधन प्रक्रिया 16 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगी, जिसके दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार के पते जैसी जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे।
आवेदन में किसी भी प्रकार का संशोधन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन में केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करना आवश्यक होगा। यदि अभ्यर्थी ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, तो वे फेच एप्लीकेशन फॉर्म विकल्प के माध्यम से अपना पुराना डेटा नए प्रोफाइल में स्थानांतरित कर सकते हैं। ओटीआर में सुरक्षित लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान स्वतः उपलब्ध हो जाएंगे। यदि केवाईसी पूर्व में पूर्ण नहीं है, तो उसे पूरा करना अनिवार्य होगा।
यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा कोई संशोधन नहीं किया जाना हो, तब भी आवेदन को एडिट मोड में खोलकर आवश्यक घोषणा और सहमति देना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद अंतिम सबमिट विकल्प पर क्लिक कर ओटीपी दर्ज कर आवेदन जमा करना होगा, अन्यथा आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों की पात्रता का निर्धारण वर्ष 2021 में आवेदन के समय की आयु, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर ही किया जाएगा, इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन मान्य नहीं होगा। अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और भर्ती पोर्टल का अवलोकन करते रहें।






.jpg)

.jpg)


