अपराध
07 May, 2026

हाईवे पर धारदार हथियार से राहगीरों को धमका रहा युवक गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली

जांजगीर-चांपा में हाईवे पर हथियार लेकर राहगीरों को धमका रहे युवक को पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर बड़ी घटना होने से रोका।

जांजगीर-चांपा, 07 मई

जांजगीर-चांपा जिले में यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हाईवे पर संभावित बड़ी घटना टल गई। सारागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक लोहे के धारदार कत्तानुमा हथियार के साथ राहगीरों को धमकाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6 मई 2026 को हाईवे रोड सारागांव क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास एक युवक हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराकर परेशान कर रहा है।

सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह कर रहे थे, जिनके साथ आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले और सुनील सिंह राजपूत भी मौजूद थे। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रकाश सूर्यवंशी उम्र 30 वर्ष, निवासी हथनेवरा थाना चांपा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार भी बरामद किया गया।

मामला सारागांव थाना क्षेत्र का होने के कारण आरोपी को वहीं की पुलिस के हवाले कर दिया गया। थाना प्रभारी ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो हाईवे पर गंभीर आपराधिक घटना घट सकती थी। यातायात पुलिस की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़