मध्यमग्राम, 07 मई।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य राहुल सिन्हा ने शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की है। गुरुवार सुबह मध्यमग्राम में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने इस घटना को राजनीतिक हत्या बताया और कहा कि इसकी गहन जांच जरूरी है।
राहुल सिन्हा ने कहा कि पहले के समय में राज्य पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों के बीच समन्वय को लेकर कई सवाल उठते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि अब व्यवस्था अलग है और जांच एजेंसियां मिलकर काम करेंगी, जिससे इस कथित साजिश में शामिल लोगों का पर्दाफाश होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि हिंसा को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अपने कार्यकर्ताओं के साथ हुए अन्याय का कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य कोलकाता से बारासात अस्पताल पहुंचे, जहां चंद्रनाथ रथ के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। उन्होंने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फिलहाल वे कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन जिस तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया है, वह सामान्य नहीं लगता।
शमिक भट्टाचार्य के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला किसी प्रशिक्षित हमलावर द्वारा सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया प्रतीत होता है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इसके पीछे पूरी योजना हो सकती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।












.jpg)
