विदिशा, 07 मई।
भोपाल संभाग के आयुक्त संजीव सिंह ने गुरुवार को विदिशा जिले के भ्रमण के दौरान खामखेड़ा स्थित उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया और समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं, चना एवं मसूर की खरीदी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और समग्र संचालन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने उपार्जन केंद्र पर फसलों की गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया। सर्वेयरों द्वारा गेहूं, चना और मसूर के परीक्षण में अपनाए जा रहे मानकों, नमी स्तर और गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया का प्रदर्शन उनके समक्ष किया गया।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का समय पर और सुचारु उपार्जन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान उन्होंने ग्राम बल्लाखेड़ी के कृषक गोपाल सिंह बघेल से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। किसान ने स्लॉट बुकिंग, तौल व्यवस्था, भुगतान और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने संभागायुक्त को जिले में उपार्जन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और स्लॉट बुकिंग, तौल एवं परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि उपार्जन कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।






.jpg)

.jpg)




