हुगली, 19 मई।
हुगली जिले के रिषड़ा क्षेत्र में वार्ड संख्या 10 के पार्षद मनोज सिंह की पहल पर सोमवार देर रात बड़ा रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें फायर ब्रिगेड के जवानों ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित बड़े नाले में गिरी एक गौमाता की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, रिषड़ा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित नाले के मैनहोल पर लगा सीमेंट का स्लैब टूट जाने से सोमवार रात एक गाय उसमें गिर गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पार्षद मनोज सिंह, भाजयुमो नेता संतोष मंडल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मियों ने नाले को हथौड़े की मदद से और चौड़ा कर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय पार्षद ने बताया कि मैनहोल का स्लैब टूटने की जानकारी समय पर नहीं दी गई, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इसमें गिर जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)







