हनुमानगढ़, 17 मार्च।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में मंगलवार सुबह मेगा हाईवे पर एक निजी बस और ट्रोले की आमने-सामने टक्कर में पांच यात्रियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसा रावतसर थाना क्षेत्र के सरदारशहर रोड स्थित बरमसर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही थी। सड़क किनारे खड़ी सरसों से भरी दो ट्रॉलियों को ओवरटेक करते समय बस की सामने से आ रहे ट्रोले से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से रावतसर अस्पताल भेजा गया।
एसडीएम संजय अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही पांच यात्रियों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 3-4 लोगों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि सात घायलों का इलाज रावतसर अस्पताल में चल रहा है। मृतकों में अजय बंसल, श्यामलाल, हरिराम के नाम शामिल हैं। पुलिस एक महिला और पुरुष के शव की पहचान करने में लगी है।
हादसे में गंभीर घायल लोगों में सुमन पत्नी अमित सोनी, महेन्द्र कुमार, आदित्य, अरविन्द और रितु नागपाल शामिल हैं। हादसे के समय अधिकतर यात्री सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज से सवारियों की नींद खुल गई और बस में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा।
हादसे के कारण मेगा हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक वाहन चालक परेशान रहे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे किया और यातायात सुचारू करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ट्रॉलियों को ओवरटेक कर रहा था तभी सामने से आ रहे ट्रोले से टक्कर हुई।












