काठमांडू, 28 मार्च।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को काठमांडू के शिक्षण अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें अस्पताल के ‘एनेक्स वन’ भवन के 501 नंबर बेड पर रखा गया है। आज सुबह गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया था।
शुरुआत में ओली को अस्पताल के ‘रेड जोन’ के 27 नंबर बेड पर रखा गया था, जहां नेफ्रोलॉजी टीम के डॉक्टर रविन नेपाली और अन्य चिकित्सकों ने उनकी जांच की। इसके साथ ही हृदय रोग विशेषज्ञों ने भी उनकी स्थिति का मूल्यांकन किया।
अस्पताल के बयान के अनुसार, “रक्त परीक्षण और वीडियो एक्स-रे सहित सभी आवश्यक जांचों के बाद ओली को एनेक्स वन के 501 नंबर बेड में भर्ती किया गया है।” इस बेड वाले भवन में उन्हें सीधे उनकी गाड़ी से ले जाया गया। 501 नंबर बेड किडनी प्रत्यारोपण वाले मरीजों के लिए आरक्षित रहता है। उल्लेखनीय है कि ओली का दो बार किडनी ट्रांसप्लांट हो चुका है।












