25 मार्च, इंदौर
मध्य प्रदेश में चल रहे “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत आज इंदौर जिले में पांच प्रमुख अस्पतालों में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों में चिन्हित मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि शिविर सुबह 10 बजे से श्री अरविंदो हॉस्पिटल, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (एमजीएम), बॉम्बे हॉस्पिटल, चोइथराम हॉस्पिटल और इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में आयोजित किए जाएंगे। इनमें हृदय रोग, कैंसर, उच्च रक्तचाप और अन्य गंभीर तथा असंक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहकर मरीजों का परीक्षण करेंगे और आवश्यक उपचार प्रदान करेंगे।
जिला प्रशासन ने चिन्हित मरीजों को शिविर स्थल तक लाने और वापस भेजने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की है। मरीजों की पहचान और उन्हें शिविर तक लाने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और एमवाय अस्पताल के अधीक्षक को सौंपी गई है। इस अभियान के माध्यम से गंभीर बीमारियों से प्रभावित मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सुधार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत गाँव-गाँव और विकासखण्ड स्तर पर भी शिविर आयोजित किए गए, जहां स्वास्थ्य विभाग के अमले ने मरीजों का चिन्हांकन किया और उन्हें इंदौर लाकर उपचार उपलब्ध कराया।












