दंतेवाड़ा, 30 मार्च।
जिले में तैनात 231 बटालियन सीआरपीएफ की सी और एफ कंपनियों ने सोमवार को कैम्प कोंडापाडा में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट वैभन पोरवाल ने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व और राष्ट्र की एकता-अखंडता में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को साड़ी, लुंगी, चप्पल, कंबल, स्कूल बैग, ड्रेस, नोटबुक, सोलर लैंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, बर्तन, साइकिल और खेल सामग्री जैसे उपयोगी सामान वितरित किए गए। केवल सामग्री वितरण ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चिकित्सा शिविर में डॉ. रवि प्रकाश सोनकर ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां और आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में अरनपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव सहित कई अधिकारी मौजूद थे। आस-पास के गांवों पटेलपारा, कोंडापारा, बंदीपारा, अट्टामीपारा, ककाडी, मोरपल्ली, किकिरपारा, सरपंचपारा, पांडवपारा और पोटाली के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और सीआरपीएफ को धन्यवाद दिया। इस आयोजन ने न सिर्फ राहत प्रदान की, बल्कि सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के बीच विश्वास की डोर को और मजबूत किया।












