झारखंड
01 Apr, 2026

जमशेदपुर सुवर्णरेखा नदी में मछलियों की मौत से सनसनी

जमशेदपुर में सुवर्णरेखा नदी के किनारे बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

जमशेदपुर, 01 अप्रैल।

सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइंयाडीह स्थित लाल भट्ट इलाके में बुधवार सुबह सुवर्णरेखा नदी के किनारे बड़ी संख्या में मछलियों के मृत मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने और दैनिक कामकाज के लिए आए लोग नदी किनारे बिखरी मरी हुई मछलियों को देखकर दंग रह गए और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

स्थानीय निवासियों सुखदेव भुईयां, संजय प्रसाद और दुग्रेश सिंह ने बताया कि मृत मछलियों की संख्या काफी अधिक है और यह अनुमानित तौर पर चार क्विंटल से अधिक हो सकती है। नदी किनारे पाई गई मछलियों का आकार अलग-अलग था। कुछ छोटी मछलियां लगभग 250 ग्राम की थीं, जबकि कई बड़ी मछलियों का वजन डेढ़ किलोग्राम तक था। लोगों का कहना है कि नदी के भीतर और भी मछलियां मृत हो सकती हैं, जो सतह पर दिखाई नहीं दीं।

इस घटना ने सुवर्णरेखा नदी में बढ़ते प्रदूषण की गंभीरता को एक बार फिर उजागर किया। रांची से निकलने वाली इस नदी में पहले से ही औद्योगिक और शहरी कचरे के कारण पानी प्रभावित रहा है। चांडिल डैम से छोड़ा गया पानी इस नदी में आता है और बाद में खरकई नदी से संगम करता है। इसके अलावा, आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला रासायनिक और अपशिष्ट जल भी इसमें मिल जाता है, जिससे नदी का जल लगातार दूषित होता जा रहा है।

पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि मछलियों की इतनी बड़ी संख्या में मौत का प्रमुख कारण पानी में घुलित ऑक्सीजन की कमी हो सकती है, जो आमतौर पर प्रदूषण और जल प्रवाह में कमी के कारण होती है। वहीं यदि पानी में जहरीले रसायनों का मिश्रण हुआ है, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस तरह की परिस्थितियों में मछलियों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है, जिससे फूड पॉइजनिंग या अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़