तेहरान, 06 अप्रैल।
ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु निगरानी एजेंसी (आईएईए) पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए रेडिएशन रिसाव के संभावित खतरे की चेतावनी दी है। ईरान के परमाणु प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने आईएईए निदेशक रफेल ग्रॉसी को खत लिखा, जिसमें अपने एकमात्र चालू न्यूक्लियर संयंत्र बुशहर को चार बार निशाना बनाए जाने की निंदा की।
इस्लामी ने कहा कि एजेंसी की चुप्पी हमलावरों को बढ़ावा दे रही है और इसी कारण उनके न्यूक्लियर प्लांट्स पर हमले लगातार बढ़ रहे हैं। बुशहर संयंत्र पर अब तक चार हमले हो चुके हैं, जिसमें हालिया हमले में सुरक्षा स्टाफ का एक सदस्य मारा गया और अन्य घायल हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे हमलों से रेडियोधर्मी पदार्थ का रिसाव हो सकता है, जिससे मानव जीवन, पर्यावरण और पड़ोसी देशों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ईरानी परमाणु प्रमुख ने कहा कि इन सैन्य अभियानों से जिनेवा कन्वेंशन, आईएईए के विधान, एनपीटी, ईरान के व्यापक सुरक्षा समझौते (INFIRC/214) और आईएईए बोर्ड के प्रस्तावों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल चिंता जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आईएईए को ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि हमलावरों के हौसले कम हों।
इस हमले की आलोचना विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने भी की। टेड्रोस ने कहा कि बुशहर पर हमला हमें सचेत करता है कि एक न्यूक्लियर हादसा स्वास्थ्य पर दीर्घकालीन प्रभाव डाल सकता है और इस बढ़ते संघर्ष के साथ खतरा लगातार बढ़ रहा है।




.jpg)
.jpg)
.jpg)



