गांधीनगर, 31 मार्च 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। सुबह 10 बजे महावीर जयंती के अवसर पर वे गांधीनगर के कोबा तीर्थ में सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे और वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। यह संग्रहालय जैन धर्म की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है। महावीर जैन आराधना केंद्र परिसर में स्थित संग्रहालय में सात भिन्न-भिन्न खंड हैं, जो भारत की सभ्यता और परंपराओं के विभिन्न पहलुओं को दर्शाते हैं।
संग्रहालय में जटिल रूप से निर्मित पत्थर और धातु की मूर्तियां, विशाल तीर्थ पट्टे, लघु चित्रकला, चांदी के रथ, सिक्के और प्राचीन पांडुलिपियां प्रदर्शित हैं। यहां दो हजार से अधिक दुर्लभ कलाकृतियों को सात दीर्घाओं में रखा गया है। आधुनिक डिजिटल और ऑडियो- विज़ुअल तकनीक के माध्यम से संग्रहालय में आगंतुकों, शोधकर्ताओं और विद्वानों के लिए ज्ञान और विरासत की गहन यात्रा संभव हुई है।
दोपहर 12:45 बजे प्रधानमंत्री अहमदाबाद के सानंद में स्थित केयन्स सेमीकॉन संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत करेंगे। इस संयंत्र में उन्नत इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल (आईपीएम) बनाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक में 17 चिप्स होंगे और इसकी आपूर्ति कैलिफोर्निया स्थित अल्फा एंड ओमेगा सेमीकंडक्टर को की जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से भारत की ओएसएटी/एटीएमपी इकाई और घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षमता को मजबूती मिलेगी।
शाम को प्रधानमंत्री वाव-थराद में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इनमें सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, विद्युत, शहरी और ग्रामीण विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों की परियोजनाएं शामिल हैं। अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे, चार लेन की इदर-बडोली बाईपास सड़क और कई फ्लाईओवर परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
विद्युत क्षेत्र में खावड़ा पूलिंग स्टेशन-2 और 4.5 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा के परिवहन हेतु पारेषण प्रणाली परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। रेलवे क्षेत्र में कनलस-जामनगर और राजकोट-कनलस दोहरीकरण परियोजनाओं का समर्पण होगा। पाटन और बनासकांठा जिलों में जल पाइपलाइन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा और अंबाजी के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखी जाएगी।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री गांधीनगर जिले में तीन साबरमती नदी तट विस्तार परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और अहमदाबाद वेजलपुर में सरकारी लड़कों के छात्रावास का उद्घाटन करेंगे, जो उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले जनजातीय छात्रों के लिए सहायता प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा गुजरात के सामाजिक, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।












