भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया युवाओं की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति में सनातन परंपरा के वैचारिक आधार को शामिल करके युवाओं को सच्चे संस्कार और विकास के अवसर प्रदान किए हैं। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि विकास के साथ हमें अपने प्राचीन गौरव और परंपराओं पर भी गर्व होना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोशल मीडिया मध्य प्रदेश टूरिज्म़ इनफ्लुएंसर मीट के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य के माध्यम से बाबा विश्वनाथ धाम में उज्जैन और मध्य प्रदेश के प्राचीन गौरव को प्रदर्शित किया जा रहा है। सम्राट विक्रमादित्य की न्यायप्रियता, वीरता और धर्म परायणता हम सभी को प्रेरित और गौरवान्वित करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्राचीन गौरव और विकास को एक नया आयाम दिया है। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर और उज्जैन में महाकाल लोक के निर्माण ने धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाइयाँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से संवाद किया और उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दो भाई की तरह हैं, जो मिलकर विकास के नए प्रतिमान स्थापित करेंगे।
सिंहस्थ 2028 के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में आगामी महाकुंभ अत्यंत भव्य होगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। देश-विदेश से आने वाले नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक रहेगी और नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।












