29 मार्च 2026, इंदौर:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में विभिन्न विकास परियोजनाओं के तहत कुल 1356 करोड़ रुपये की सौगात दी। इसके बाद वे ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के कार्यक्रम में दशहरा मैदान पहुंचे। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से इंदौर नगर निगम ने पिछले 25 वर्षों में शहर को अलग पहचान दी है। वर्तमान आबादी 25 साल बाद लगभग 65 लाख और छह जिलों को मिलाकर डेढ़ करोड़ से अधिक होगी। नर्मदा जी के चौथे चरण के बाद शहर में जल संकट नहीं आएगा।
मुख्यमंत्री ने पेयजल परियोजना के चौथे चरण का भूमि पूजन किया और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित कीं। महावीर जयंती पर आयोजित महावीर अलंकरण समारोह में उन्होंने जैन सिद्धांत और जीवन के मौलिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।
सिहांसा आईटी पार्क में लॉंचपेड इनक्यूबेशन और इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने स्टार्टअप युवाओं से संवाद कर सेंटर की उपयोगिता और योजनाओं की जानकारी ली।
अमृत 2.0 योजना के तहत जल आपूर्ति योजनाओं का भूमि पूजन भी किया गया। इस योजना से नगर पालिक निगम इंदौर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाते हुए अतिरिक्त 400 एमएलडी जलापूर्ति सुनिश्चित करेगा।
सिरपुर तालाब के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए 20 एमएलडी क्षमता वाले आधुनिक एसटीपी का लोकार्पण किया गया, जिससे आसपास की कॉलोनियों से आने वाले अशोधित सीवेज को रोककर तालाब को प्रदूषण से मुक्त किया जाएगा।











