काठमांडू, 28 मार्च।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और तत्कालीन गृहमंत्री रमेश लेखक को आज सुबह गिरफ्तार करने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला प्रहरी परिसर से महराजगंज शिक्षण अस्पताल ले जाया गया। दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।
ओली को भक्तपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर जिला प्रहरी परिसर काठमांडू में लाया गया। वहां काठमांडू एसएसपी रमेश थापा मौजूद थे। वहीं, रमेश लेखक को उनके काठमांडू स्थित आवास से हिरासत में लिया गया।
आज अवकाश होने के कारण दोनों को जिला अदालत काठमांडू में रविवार को पेश किया जाएगा। शुक्रवार को बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में हुई पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में आयोग की सिफारिश के अनुसार ओली के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के आधार पर गृहमंत्री सुदन गुरूंग के निर्देश पर आज सुबह दोनों को हिरासत में लिया गया।












