नेपाल
02 Apr, 2026

नेपाल में 130 करोड़ का फर्जी रेस्क्यू घोटाला, 32 आरोपी गिरफ्तार

नेपाल में पर्यटकों के फर्जी रेस्क्यू और बीमा घोटाले में 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और जांच में अस्पताल और ट्रेकिंग कंपनियों की मिलीभगत सामने आई।

काठमांडू, 02 अप्रैल 2026।

नेपाल में विदेशी पर्यटकों के रेस्क्यू और उपचार के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर करीब 130 करोड़ रुपये की बीमा राशि ठगने के मामले में 32 लोगों के खिलाफ काठमांडू जिला अदालत में मुकदमा दर्ज किया गया है। नेपाल पुलिस के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) ने 15 मार्च को जांच प्रतिवेदन सरकारी वकील कार्यालय को सौंपा था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। सरकारी वकील रामहरि काफ्ले ने बताया कि मामले में अब तक 10 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि बाकी फरार हैं।

आरोपितों पर 94 करोड़ 84 लाख 97 हजार 391 नेपाली रुपये, 29 लाख 98 हजार 823 अमेरिकी डॉलर और 14 हजार 500 यूरो ठगने का आरोप है। यह मामला 2022 का बताया गया है और फॉरेन एक्सचेंज रेट के अनुसार कुल दावा राशि लगभग 130 करोड़ 42 लाख 43 हजार 505 रुपये आंकी गई है। सीआईबी ने आरोपितों के खिलाफ चार संयुक्त आरोप – राष्ट्रहित के विरुद्ध अपराध, आपराधिक लाभ, दस्तावेज संबंधी अपराध और संगठित अपराध – के तहत मुकदमा चलाने की सिफारिश की है।

इस मामले में 16 ट्रैकिंग कंपनियां, 5 रेस्क्यू कंपनियां, 3 अस्पताल, 4 हेलिकॉप्टर कंपनियां, 3 स्थानीय एजेंट और एक स्वतंत्र गाइड आरोपी बनाए गए हैं। जांच 25 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी और इस दौरान माउंटेन रेस्क्यू सर्विस, नेपाल चार्टर सर्विस और एवरेस्ट एक्सपीरियंस एंड असिस्टेंस समेत कई कंपनियों के मालिक और प्रबंधक गिरफ्तार किए गए।

जांच में पाया गया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 2022 के बाद से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करीब 285 करोड़ 62 लाख 50 हजार 165 रुपये का बीमा दावा किया। माउंटेन रेस्क्यू सर्विस ने 1,248 पर्यटकों का रेस्क्यू किया, जिसमें 171 मामले फर्जी पाए गए और इसके लिए लगभग 130 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। नेपाल चार्टर ने 471 पर्यटकों का रेस्क्यू किया, जिसमें 75 मामले संदिग्ध पाए गए और एवरेस्ट एक्सपीरियंस ने 601 पर्यटकों में 71 संदिग्ध मामलों के लिए बीमा दावा किया।

जांच में यह भी उजागर हुआ कि पर्यटकों को रेस्क्यू के बाद जबरन अस्पताल में भर्ती कर दिया जाता था और दिन में खरीदारी करने की अनुमति दी जाती थी। अस्पताल संचालक ट्रेकिंग एजेंसी और शेर्पा से संपर्क करके स्थिति की जानकारी लेते थे। बीमा कंपनी से भुगतान की गारंटी मिलने तक पर्यटकों का पासपोर्ट भी रोक लिया जाता था और उनसे लिखित पुष्टि ली जाती थी कि उन्हें जबरन भर्ती नहीं किया गया और वे अस्पताल की सेवाओं से संतुष्ट हैं।

इस घोटाले में शामिल प्रमुख आरोपियों में माउंटेन रेस्क्यू सर्विस, नेपाल चार्टर सर्विस और एवरेस्ट एक्सपीरियंस के मालिक और प्रबंधक, विभिन्न अस्पताल संचालक, ट्रेकिंग एजेंसी संचालक और गाइड शामिल हैं। जांच में नकली स्वास्थ्य रिपोर्ट, अधिक बिलिंग और बीमा दावा बांटने की पूरी योजना सामने आई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़