जोधपुर, 02 अप्रैल।
जोधपुर में डांगियावास पुलिस ने एक हैडकांस्टेबल और मोहनगढ़ पंचायत समिति के एलडीसी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। नाकाबंदी के दौरान दोनों के पास से 12 बोर गन और कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
थानाधिकारी दौलाराम ने बताया कि बुधवार को पुलिस थाने के सामने नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक गाड़ी में सवार दो लोगों को रोका गया। पूछताछ में सामने आया कि एक व्यक्ति जैसलमेर के सांगड़ स्थित पूनासर देवी कोट का अमीन खां पुत्र रमजान खां है, जो रिजर्व पुलिस लाइन में हैडकांस्टेबल के पद पर तैनात है।
दूसरे व्यक्ति ने खुद को जैसलमेर के नाचना निवासी और मोहनगढ़ पंचायत समिति का एलडीसी बताया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये दोनों हथियार किस उद्देश्य से और किस तरफ ले जा रहे थे। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।












