खड़गपुर, 17 मार्च 2026।
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद खड़गपुर जिले की 15 सीटों में से 12 पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, लेकिन इस सूची में वर्तमान खड़गपुर सदर विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय का नाम शामिल नहीं है।
खड़गपुर विधानसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर दिलीप घोष को उम्मीदवार बनाया है। दिलीप घोष को इससे पहले 2016 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से टिकट दिया गया था और उन्होंने जीत हासिल की थी। वहीं 2021 में जीती हुई सीट पर हिरण्मय चट्टोपाध्याय को टिकट न मिलने की खबर से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद जारी हुई पहली सूची में खड़गपुर के मौजूदा विधायक का नाम नहीं होने से जिले की राजनीति में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है और इनमें से किसी पर हिरण्मय चट्टोपाध्याय को शामिल किया जा सकता है।
उम्मीदवारों की पहली सूची में नाम न होने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके टिकट को लेकर भरोसा बना हुआ है। मंगलवार सुबह सात बजे खड़गपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान हिरण्मय समर्थकों के एक समूह ने केंद्रीय नेतृत्व पर विश्वास जताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगली सूची में हिरण्मय चट्टोपाध्याय को टिकट जरूर मिलेगा।
समर्थकों का कहना है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें अंतिम समय में खड़गपुर से उम्मीदवार बनाया गया था और उन्होंने मजबूत मुकाबला करते हुए जीत हासिल की थी। इसी अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को इस बार भी उनके टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है।












