जम्मू, 24 मार्च।
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में भाई-बहन समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना माहोर क्षेत्र के रामकुंडा मोड़ के पास हुई। कार गुल से महोर की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में गिर गई। हादसे में मौके पर 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान हक्कनवाज (22), उनकी बहन शारिजा राही (18), और उनके रिश्तेदार रिफाकत हुसैन (15) के रूप में हुई। घायल लोगों में उमर गुल (21), शाजिया कौसर (18), सद्दाम हुसैन (22), शाहनवाज (18) और आदिल हुसैन (18) शामिल हैं, जिनका इलाज महोर अस्पताल में जारी है।











