आगरमालवा, 02 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सोयतकलां क्षेत्र में नौ वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिवार की मांग पर गुरूवार को प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अफरोज उर्फ नसरू पुत्र मोईन उद्दीन के अवैध मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
घटना से पहले पीड़ित परिजनों और ग्रामवासियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सोयतकलां पुलिस थाना प्रभारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सोयतकलां से गुजरने वाले उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552-जी पर चक्काजाम किया गया। इस दौरान राजस्थान के झालावाड़, कोटा और आगरमालवा की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंचे।
पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के आक्रोश के बीच त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के अवैध हिस्से पर जेसीबी मशीन से बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में सुसनेर एसडीएम, एसडीओपी देवनारायण यादव, सोयतकलां थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा और तहसीलदार राजेश्वर श्रीमाल अमले सहित मौजूद रहे।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने का संदेश भी गया।












