जोधपुर, 21 मई।
कुड़ी भगतासनी सेक्टर-4 क्षेत्र में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को दोस्ती और नजदीकी संबंधों के माध्यम से पहले करीब 20 लाख रुपये वसूले जाने और बाद में 15 लाख रुपये की और मांग कर धमकाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि पाली जिले की एक युवती रतन से उसकी तीन वर्ष पूर्व पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे नजदीकी संबंधों में बदल गई। इस दौरान युवती के जोधपुर आने पर उसे होटल और कैफे में भी ले जाया जाता था।
आरोप है कि युवती अपनी जरूरतों के नाम पर कभी मां की बीमारी तो कभी खरीदारी के बहाने रुपये लेती रही, जिसके चलते पीड़ित ने भरोसे में आकर उसे अपना एटीएम कार्ड भी दे दिया, जिसका बाद में कथित रूप से दुरुपयोग किया गया।
पीड़ित के अनुसार बाद में युवती के साथ उसकी मां और भाई भी बैंक खाते से पैसे निकालने में शामिल हो गए और लगातार आर्थिक शोषण किया जाता रहा।
रुपये देना बंद करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया और अब उसी केस में राजीनामा के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की जा रही है तथा जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण लेकर मां, बेटी और बेटे के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। कुड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






.jpg)







