पश्चिम बंगाल
22 May, 2026

सोना पप्पू मामले में ईडी की कोलकाता में ताबड़तोड़ छापेमारी, तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

ईडी ने सोना पप्पू मामले में कोलकाता के तीन स्थानों पर छापेमारी की। जमीन कब्जा और अवैध लेनदेन से जुड़े मामले में जांच जारी है तथा आरोपी ईडी हिरासत में है।

कोलकाता, 22 मई।

जमीन कब्जा, अवैध वित्तीय लेनदेन और धमकी से जुड़े सोना पप्पू प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार सुबह कोलकाता के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान शुरू किया। जांच एजेंसी ने पार्क स्ट्रीट, चक्रबेड़िया और कसबा सहित कम से कम तीन स्थानों पर तलाशी कार्रवाई की, जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, कारोबारी विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से पूछताछ के दौरान अवैध धन लेनदेन और जमीन कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण इनपुट सामने आए, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

ईडी की टीम ने पार्क स्ट्रीट स्थित एक कैफेटेरिया-सह-होटल परिसर में दस्तावेजों की गहन जांच की और यह पता लगाने का प्रयास किया कि क्या इस प्रतिष्ठान का संबंध सोना पप्पू से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेनदेन से है।

इसके अलावा चक्रबेड़िया क्षेत्र में एक आवासीय परिसर में भी तलाशी अभियान चलाया गया। जांच एजेंसी को संकेत मिले हैं कि एक कारोबारी और सोना पप्पू के बीच निकट संबंध रहे हैं, जिसके आधार पर वहां जांच की गई।

कसबा इलाके में कोलकाता पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर के आवास पर भी ईडी ने छापेमारी की। सूत्रों का कहना है कि इस अधिकारी का संबंध पहले गिरफ्तार किए जा चुके पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा विश्वास से रहा है, जिन्हें ईडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

फिलहाल तीनों स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है और अभी तक किसी नई गिरफ्तारी या दस्तावेजों की जब्ती की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि बेहाला के रियल एस्टेट कारोबारी जय कामदार और पूर्व पुलिस अधिकारी शांतनु सिन्हा विश्वास के साथ मिलकर कथित जमीन सिंडिकेट चलाने के आरोप में ईडी ने दक्षिण कोलकाता के कारोबारी सोना पप्पू को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह लोगों को भयभीत कर कम कीमत पर जमीन अधिग्रहित करता था और फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन कब्जा एवं अवैध निर्माण कराता था।

गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे कोलकाता स्थित विशेष ईडी अदालत में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान ईडी ने दावा किया कि शांतनु सिन्हा विश्वास, सोना पप्पू और जय कामदार मिलकर संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। अदालत ने सोना पप्पू को 28 मई तक ईडी हिरासत में भेज दिया है और एजेंसी उससे लगातार पूछताछ कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़