सोनभद्र, 26 मई।
जिले के चोपन थाना क्षेत्र स्थित डाला नगर पंचायत में एक संविदा कर्मी का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय गोपाल गुप्ता के रूप में की गई है, जो स्थानीय नगर पंचायत में संविदा पर कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नई बस्ती स्थित एक आवास के किचन में युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गई, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी देते हुए स्थानीय चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही करते हुए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।















