धमतरी, 26 मई।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगर पंचायत भखारा स्थित शीतला माता मंदिर में सोमवार देर रात हुई बड़ी चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह के चैनल गेट के ताले तोड़कर माता के आभूषण, श्रृंगार सामग्री और दानपेटी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, डुमराही तालाब के समीप स्थित इस मंदिर में चोर रात लगभग 1:30 बजे दाखिल हुए और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे जब मंदिर के बैगा सहदेव निषाद पूजा के लिए पहुंचे तो उन्होंने मंदिर के ताले टूटे पाए, जिसके बाद तुरंत मंदिर समिति और बस्ती पंचायत को सूचना दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में गर्भगृह के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
चोरी किए गए सामान में माता का चांदी का मुकुट, लगभग 30 तोला चांदी, तीन ग्राम सोने की नथली, सोने का लॉकेट, चांदी की कमरपट्टी, पायल सेट, आंख-नयन पट्टी, गुंबज छत्र, सीसीटीवी कैमरा, टीवी और दानपेटी में रखी नकदी शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के अध्यक्ष ताराचंद साहू, सदस्य यीशु माल, सेवकराम साहू सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। समाजसेवियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने घटना की निंदा करते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। एक दिन पहले ही कुरूद ब्लॉक के ग्राम मरौद स्थित शीतला मंदिर में भी चोरी की घटना सामने आई थी, जिससे लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने पर लोगों में भय और आक्रोश बढ़ गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह वारदात स्थानीय या आसपास के चोरों की संलिप्तता का संकेत देती है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।















.jpg)