नोएडा, 26 मई।
थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के छीजारसी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसके बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शादी लगभग छह माह पहले हुई थी।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक पाल अपनी पत्नी पूजा पाल (22) के साथ छीजारसी कॉलोनी में रह रहा था। सोमवार देर रात पूजा ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर महिला का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर यह घटना हुई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।















