राजगढ़, 09 जून।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम आंख्याखोह में मंगलवार अलसुबह एक 20 वर्षीय नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, करीना (20) पत्नी महेंद्र भील का शव घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ब्यावरा सिविल अस्पताल भेजा गया।
परिजनों के अनुसार, करीना की शादी लगभग छह माह पहले तलेन थाना क्षेत्र के रामड़ी गांव में महेंद्र भील से हुई थी। सोमवार रात वह परिवार के साथ सामान्य रूप से बातचीत और हंसी-मजाक करने के बाद सोने गई थी, जबकि उसका पति और सास-ससुर आंगन में सो रहे थे।
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो करीना कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।















