भोपाल, 27 जुलाई।
रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक 29 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट की शिकायत पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी रोहित परमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी से करीब एक माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद मुलाकातें शुरू हुईं। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसका विश्वास जीता और बाद में एक होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी करीब एक माह तक शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उसने शादी की तारीख तय करने की बात कही तो आरोपी ने विवाह से इनकार कर दिया और उससे दूरी बनाने लगा।
इसके बाद पीड़िता ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि आरोपी कॉलेजों में एडमिशन कराने का कार्य करता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बयान, मोबाइल फोन की बातचीत और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
















