कोलकाता, 27 जुलाई।
पश्चिम बंगाल पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना अमन सिंह को गोवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अमन सिंह को रविवार को गोवा में चलाए गए अभियान के दौरान पकड़ा गया। वह कथित तौर पर समुद्र तट पर एक तंबू में छिपकर रह रहा था। उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने साथियों के साथ कोलकाता और साल्ट लेक समेत देश के कई हिस्सों में अवैध कॉल सेंटर संचालित करता था। आरोप है कि गिरोह ने अवैध दूरसंचार नेटवर्क तैयार करने के लिए सिम बॉक्स का भी इस्तेमाल किया।
इस मामले में हाल ही में बिधाननगर के इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद राज्य के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने जांच शुरू की थी। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर अमन सिंह की पहचान की गई।
पुलिस के अनुसार, अमन सिंह के खिलाफ मुंबई में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कोलकाता में भी उसके खिलाफ एक अन्य प्रकरण दर्ज है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों का मुख्य सूत्रधार रहा है।
पुलिस अब अमन सिंह से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

















