रियाद, 27 जुलाई।
सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कथित कोशिश को विफल करते हुए कई ड्रोन मार गिराए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सभी ड्रोन पूर्वी प्रांत और रियाद क्षेत्र में स्थित पेट्रोलियम प्रतिष्ठानों तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिए गए।
तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, सऊदी रक्षा मंत्रालय ने प्रारंभिक जांच के आधार पर दावा किया कि ड्रोन इराक की सीमा से लॉन्च किए गए थे। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे ईरान समर्थित मिलिशिया का हाथ हो सकता है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब को अपनी सीमाओं, नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा का अधिकार है तथा वह उचित समय और परिस्थितियों में आवश्यक कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
सऊदी विदेश मंत्रालय ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि देश अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। मंत्रालय ने इराक सरकार से आग्रह किया कि उसकी सीमा का उपयोग सऊदी अरब के खिलाफ हमलों के लिए न होने दिया जाए।
इस मामले पर इराक की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच प्रत्यक्ष सैन्य तनाव में कमी आने की खबरें हैं। ईरान के एक सैन्य प्रवक्ता ने दावा किया था कि अमेरिका की ओर से पिछले दो दिनों में हमले नहीं होने के बाद तेहरान ने भी अपने सैन्य अभियान रोक दिए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालिया सैन्य अभियानों के बाद ईरान पर आगे हमले रोकने के निर्देश दिए हैं। हाल के सप्ताहों में दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के दौरान एक-दूसरे के हितों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई थीं।

















