सना, 27 जुलाई।
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब के पूर्वी तेल क्षेत्रों को लाल सागर स्थित यानबू निर्यात केंद्र से जोड़ने वाले कच्चे तेल की आपूर्ति एवं परिवहन नेटवर्क से जुड़े कई संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
हूती संगठन के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि यह कार्रवाई सऊदी अरब की ओर से यमन के हवाई क्षेत्र में कथित ड्रोन गतिविधियों के जवाब में की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी ड्रोन लगातार यमन के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहे हैं।
वहीं, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको ने समाचार लिखे जाने तक इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की थी।
हाल के महीनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़े सुरक्षा जोखिमों के बीच सऊदी अरब अपने पूर्वी तेल क्षेत्रों से कच्चे तेल को पूर्व-पश्चिम पाइपलाइन के माध्यम से लाल सागर स्थित यानबू बंदरगाह तक पहुंचा रहा है, ताकि तेल निर्यात सुचारु रूप से जारी रखा जा सके।
घटना के संबंध में संभावित नुकसान या हमले की पुष्टि के लिए सऊदी अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
















