उत्तर प्रदेश
27 May, 2026

अमेठी विधायक आवास पर हंगामा और मारपीट के आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अमेठी में पूर्व मंत्री और विधायक के आवास पर हुए हंगामे और मारपीट के आरोपों के बाद पुलिस ने 11 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमेठी, 27 मई।

सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर मंगलवार देर रात अमेठी कस्बे के सुल्तानपुर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और समाजवादी पार्टी की वर्तमान विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सहित कई वाहनों से पहुंचे दो दर्जन से अधिक लोगों ने विधायक और पूर्व मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस पूरे मामले में विधायक पुत्र की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूचना के अनुसार प्रजापति परिवार से जुड़े धीरज पाल, जो हाल ही में जेल से बाहर आया है, द्वारा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शेर बहादुर यादव के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप है। इसी को लेकर शेर बहादुर यादव और उनके समर्थक विधायक के आवास पर पहुंचे और वहां गाली-गलौज की। विरोध करने पर आवास में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का भी आरोप सामने आया है। घटना के समय विधायक और उनके पुत्र घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर विधायक के छोटे पुत्र अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

अनुराग प्रजापति ने कोतवाली में दी गई तहरीर में सपा नेता शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव सहित कई अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर में कहा गया है कि आरोपित लंबे समय से सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री, सपा प्रमुख, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन उससे पहले ही उपद्रवी वहां से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर 11 नामजद सहित दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़