कोलकाता, 31 जुलाई।
पश्चिम बंगाल में पूर्व विधायक और पूर्व मेयर सब्यसाची दत्त की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ने भी मामले में जांच तेज करते हुए कोलकाता समेत 11 स्थानों पर छापेमारी की है।
ईडी की टीम ने शुक्रवार सुबह पार्क स्ट्रीट, खिदिरपुर और शहर के अन्य इलाकों में एक साथ कार्रवाई शुरू की। जांच एजेंसी सब्यसाची दत्त और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों में वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
सब्यसाची दत्त को 8 जून को विधाननगर उत्तर थाना पुलिस ने जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाया था।
पुलिस जांच के दौरान राजारहाट स्थित उनके फ्लैट और बैंक लॉकर से करीब साढ़े तीन किलोग्राम सोना मिलने का दावा किया गया था। पुलिस का कहना है कि वसूली से मिले धन से सोना खरीदे जाने के संकेत मिले हैं।
इससे पहले पुलिस ने सब्यसाची दत्त और उनकी पत्नी इंद्राणी दत्त के पांच बैंक खातों को फ्रीज किया था। पुलिस के अनुसार खातों, सावधि जमा और नकदी सहित करीब 3.70 करोड़ रुपये की राशि जब्त की गई है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पूर्व विधाननगर मेयर के पास इतनी बड़ी संपत्ति और धन का स्रोत क्या था। इसी कड़ी में ईडी ने भी संबंधित दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले में जून महीने के दौरान सब्यसाची दत्त की करीबी मानी जाने वाली तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के नदिया जिले स्थित आवास से भी पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया था।
इसके अलावा सॉल्टलेक के एक मकान मालिक ने आरोप लगाया था कि सब्यसाची दत्त ने उनसे 46 लाख रुपये की वसूली की थी। ईडी फिलहाल पुलिस द्वारा दर्ज मामले के आधार पर दस्तावेजों की जांच कर रही है। ईडी की ओर से धन शोधन मामले में अभी अलग से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।
















