Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
राजनीति
21 Aug, 2026

पैलेट से आंख गंवाने वाले साहिल की शिकायत पर एफआईआर, जांच शुरू

जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्ली, 21 अगस्त।

जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट लगने से दाहिनी आंख की रोशनी गंवाने वाले छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली। साहिल और उसके परिवार की ओर से लगातार की जा रही मांग के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। साहिल ने घटना की जांच के साथ इलाज और मुआवजे की व्यवस्था करने की मांग की है।

साहिल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उस पर पांच से छह बार धातु के पैलेट चलाए गए। उसके अनुसार, वह जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल था। संसद की ओर मार्च के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के बीच भगदड़ की स्थिति बनी, जिसके बाद वह भीड़ के साथ पालिका और कनॉट प्लेस क्षेत्र की ओर पहुंच गया।

शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उसके दाहिने हिस्से में छाती, बाजू और आंख के पास कई पैलेट लगे। इसके बाद उसके चेहरे, हाथ, छाती और आंख से खून निकलने लगा तथा दाहिनी आंख से दिखाई देना बंद हो गया।

साहिल ने बताया कि एम्स में हुए सीटी स्कैन में उसके शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे पाए गए। ये छर्रे आंख, गर्दन, छाती, जबड़े और बाजू सहित शरीर के कई हिस्सों में मौजूद बताए गए हैं। शिकायत के अनुसार, दाहिनी आंख के गड्ढे और उसके पीछे भी छर्रे हैं।

साहिल के मुताबिक, कुछ छर्रे नसों के बेहद करीब होने के कारण नहीं निकाले जा सकते। डॉक्टरों ने बताया है कि आंख के अंदर मौजूद दो छर्रे लंबे समय तक, संभवतः जीवनभर रह सकते हैं। छाती में दिल के पास मौजूद छर्रों को लेकर भी लंबे इलाज की जरूरत बताई गई है।

घटना के बाद साहिल को पहले लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद सफदरजंग अस्पताल और फिर एम्स भेजा गया। एम्स के आरपीसी आई सेंटर और ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज हुआ। 22 जुलाई को उसकी पहली सर्जरी की गई और एक अगस्त को दूसरी सर्जरी हुई। शिकायत के अनुसार, दोनों सर्जरी के बाद भी दाहिनी आंख की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने आंख की रोशनी वापस आने की संभावना बेहद कम बताई है।

साहिल ने कहा कि घटना के चार सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। अब उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उसने 20 जुलाई की घटना से जुड़े सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।

साहिल ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस के आसपास, पटेल चौक, राजीव चौक, मेट्रो स्टेशनों और ट्रैफिक पुलिस के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके अलावा उस दिन की ड्रोन फुटेज को भी जांच में शामिल करने का अनुरोध किया गया है।

शिकायत में साहिल ने ऑपरेशन के दौरान शरीर से निकाले गए धातु के छर्रों को पुलिस कब्जे में लेकर जांच कराने की मांग की है। साथ ही लेडी हार्डिंग अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और एम्स से जुड़े सभी मेडिकल रिकॉर्ड को जांच का हिस्सा बनाने की अपील की है।

साहिल ने कहा कि गंभीर चोट के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई है और भविष्य की योजनाओं पर भी असर पड़ा है। उसने लंबे इलाज को देखते हुए उपचार खर्च और मुआवजे के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है। उसने जांच में पुलिस को पूरा सहयोग देने की बात कही है।

अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि साहिल को चोट किन परिस्थितियों में लगी, मौके पर कौन-कौन से सुरक्षा बल तैनात थे, पैलेट का इस्तेमाल हुआ था या नहीं और यदि हुआ तो किस दिशा से और किस हथियार से किया गया। सीसीटीवी, वीडियो फुटेज, मेडिकल दस्तावेज और धातु के छर्रों की जांच इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़