सारण, 31 जुलाई।
बिहार के सारण जिले में परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की लिखित परीक्षा के दौरान सक्रिय इस समूह के आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की सतर्कता से परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर चल रही गतिविधियों का पता चला। गिरफ्तार लोगों में दो अभ्यर्थी, एक सिपाही और दो होमगार्ड जवान सहित अन्य सहयोगी शामिल हैं।
आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनी परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान दो परीक्षार्थियों के पास से संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बाहर मौजूद सहयोगी वॉकी-टॉकी के माध्यम से उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे।
पुलिस ने अभ्यर्थियों से मिली जानकारी के आधार पर परीक्षा केंद्र के बाहर घेराबंदी कर छह अन्य लोगों को पकड़ा। उनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस, वॉकी-टॉकी सेट, चार्जर, बैटरी, मोबाइल फोन, कार, आधार कार्ड और प्रवेश पत्र बरामद किए गए।
इस मामले में मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, बिहार लोक परीक्षा अधिनियम 2024 और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल सिपाही अभ्यर्थियों तक नकल सामग्री और मदद पहुंचाने का काम करता था। वहीं होमगार्ड जवान परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराते थे।
गिरोह के अन्य सदस्य अभ्यर्थियों की तलाश, पैसों के लेनदेन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की व्यवस्था संभालते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।















