नई दिल्ली, 25 मई ।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने पार्टी के एक्स अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। केंद्र सरकार के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी कारणों का हवाला देते हुए अकाउंट पर रोक लगाई गई थी। मामले की सुनवाई इस सप्ताह होने की संभावना जताई जा रही है।
याचिका अधिवक्ता नकुल गांधी के माध्यम से दायर की गई है। इसमें केंद्र सरकार के ब्लॉकिंग आदेश को चुनौती देते हुए अकाउंट बहाल करने की मांग की गई है। रिपोर्टों के अनुसार, खुफिया ब्यूरो की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के इनपुट मिलने के बाद केंद्र सरकार ने यह कदम उठाया।
बताया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69 (ए) के तहत एक्स को संबंधित अकाउंट रोकने के निर्देश दिए थे। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ इसी महीने एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान के रूप में सामने आई थी, जिसने खासकर युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल की।
यह ऑनलाइन अभियान एक्स और इंस्टाग्राम जैसे मंचों पर बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ तेजी से चर्चा में आया। बेरोजगारी, संस्थागत जवाबदेही और मीडिया स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर राजनीतिक व्यंग्य के जरिए यह समूह अपनी बात रखता रहा है।
इस अभियान की शुरुआत 15 मई को हुई सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के बाद चर्चा में आई, जब प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने पेशे में बेरोजगारी और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर टिप्पणी की थी। बाद में अदालत की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि टिप्पणी सामान्य बेरोजगार युवाओं को लेकर नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री और गलत माध्यमों से पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में थी।
बताया जाता है कि इस समूह की शुरुआत अमेरिका के बोस्टन निवासी अभिजीत दिपके ने की थी, जो राजनीतिक व्यंग्य के माध्यम से समसामयिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देता है।






.jpg)


.jpg)




