मध्य प्रदेश
25 May, 2026

जैन साध्वियों की मौत पर देशभर में आक्रोश, संत सुरक्षा कानून की मांग तेज

रीवा में कार से कुचलकर जैन साध्वियों की मौत के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है और समाज ने संत सुरक्षा कानून सहित उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

रीवा, 25 मई।

रीवा जिले में 20 मई को पैदल विहार के दौरान तीन जैन साध्वियों को कार से कुचलने की घटना के बाद पूरे जैन समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है। इस हादसे में आचार्य 108 विद्यासागर महाराज की शिष्या श्रुतमति माताजी और उपशममति माताजी की मृत्यु हो गई थी, जबकि एक अन्य आर्यिका माताजी गंभीर रूप से घायल हैं।

इस घटना के विरोध में सोमवार को मध्य प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में जैन समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों ने काली पट्टी बांधकर मौन जुलूस निकाले। समाजजन ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए इसे अहिंसा पर सीधा हमला बताते हुए आरोपियों पर हत्या की धारा के तहत कार्रवाई और संत सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की।

राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ और अन्य संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर आक्रोश पत्र सौंपा। समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देशव्यापी आंदोलन, चक्का जाम और भारत बंद जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। इंदौर में हजारों लोग मौन रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और केवल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पर अड़े रहे।

जबलपुर में कमानिया गेट से घंटाघर तक 'राष्ट्रीय संत सुरक्षा अभियान' के तहत विशाल मौन जुलूस निकाला गया, जिसमें साध्वियों की मौत के साथ-साथ देवरान में 11 जैन प्रतिमाओं की चोरी का मामला भी उठाया गया। गुना, सागर और विदिशा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सड़कों पर उतरे और विरोध दर्ज कराया।

अशोकनगर, खातेगांव और आष्टा में भी विरोध प्रदर्शन हुए। खातेगांव में मंदिर से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली गई, जबकि आष्टा में विभिन्न समाज संगठनों के नेतृत्व में रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा गया। बैतूल, इटारसी, रतलाम, नर्मदापुरम, मैहर, अमरपाटन और बड़ामलहरा में भी प्रशासन को ज्ञापन देकर सीबीआई या उच्चस्तरीय एसआईटी जांच की मांग की गई।

यह घटना रीवा कलेक्ट्रेट के सामने हुई थी, जहां पैदल विहार कर रही साध्वियों को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में इसे संदिग्ध बताते हुए मामला और गंभीर हो गया। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी फुटेज देखकर इसे सामान्य हादसा न मानने की बात कही।

घटना के बाद फरार हुए कार चालक रशीद आबाद अली शाह को करीब 270 किलोमीटर दूर बरगी पुलिस ने बहोरीपार टोल नाका के पास से गिरफ्तार किया, जो महाराष्ट्र के नागपुर का निवासी है।

जैन समाज ने मांग की है कि निहत्थे और पैदल जीवन जीने वाले साधु-संतों की सुरक्षा शासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए उच्चस्तरीय जांच, डिजिटल साक्ष्य संरक्षण, हत्या का मुकदमा, संत सुरक्षा प्रोटोकॉल, विशेष कानून और फास्ट ट्रैक अदालत की व्यवस्था की जाए।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़