नाहन, 25 मई।
जिला मुख्यालय नाहन के अमरपुर मोहल्ला वार्ड नंबर चार में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शातिर व्यक्ति ने दुकान पर मौजूद मासूम बच्चे को बातों में उलझाकर काउंटर पर रखा मोबाइल फोन चुरा लिया।
मामले की जानकारी के अनुसार 15 मई को अमरपुर मोहल्ला स्थित एक दुकान पर छोटा बच्चा अकेला बैठा था, जबकि उसके पिता निजी काम से नए बाजार गए हुए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और बच्चे से अंडे देने को कहा। जैसे ही बच्चा सामान लेने पीछे गया, आरोपी ने काउंटर पर रखा मोबाइल उठा लिया और तुरंत वहां से फरार हो गया। कुछ ही क्षणों में हुई इस वारदात से बच्चा कुछ समझ नहीं सका और आरोपी काफी दूर निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने गुन्नूघाट पुलिस चौकी को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिसमें आरोपी का चेहरा और हुलिया स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
इसके साथ ही पुलिस तकनीकी जांच के तहत सीडीआर और मोबाइल टावर के डंप डेटा का भी विश्लेषण कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।






.jpg)







