शाहजहांपुर, 25 मई।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा क्षेत्र में चोरी के मामले में वांछित आरोपितों और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों पक्षों की ओर से हुई फायरिंग में एक आरक्षी और एक आरोपित घायल हो गए, जबकि पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि देशी शराब की दुकान में चोरी करने वाले आरोपी रोजा रेलवे मैदान के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया गया कि पुलिस को देखते ही आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उनकी गोली लगने से आरक्षी प्रवेंद्र के हाथ में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सियानन्द के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने सियानन्द और उसके साथी अवनीश को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी किए गए देशी शराब के 90 पव्वे और एक सरिया बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सियानन्द के खिलाफ विभिन्न जिलों में 15 और अवनीश के खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों ने बीते 5 अप्रैल को जमुका गांव स्थित देशी शराब की दुकान के ताले तोड़कर चोरी की थी और तब से फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
फिलहाल घायल आरक्षी और आरोपित दोनों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।















